नई दिल्ली/उमा सक्सेना/- हरियाणा के झज्जर जिले में सामने आए चर्चित महक हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। गुरुग्राम स्थित एक निजी बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत 26 वर्षीय महक कथूरिया की हत्या को पहले लूट की वारदात बताया गया था, लेकिन जांच में यह कहानी झूठी निकली। पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोप महक के पति और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट अंशुल धवन पर है, जिसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

बयान बदलने से बढ़ा शक
घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को अलग-अलग बयान दिए। पहले उसने दावा किया कि कुछ बदमाशों ने कार रोककर लूटपाट की और उसकी पत्नी की हत्या कर दी। बाद में उसने कहानी बदली और कहा कि पत्नी को अगवा कर शव नहर में फेंक दिया गया। बार-बार बदलते बयानों और घटनास्थल से मिले सर्जिकल दस्तानों ने पुलिस के संदेह को गहरा कर दिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।
रास्ता चुनने पर भी उठे सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से ऐसा मार्ग चुना, जहां आमतौर पर वे नहीं जाते थे। मृतका की बहन ने कहा कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आरोपी के पास दस्ताने और कैंची क्यों थी और उसने सबसे पहले अपने रिश्तेदारों को फोन क्यों किया।

गर्भवती थी महक
परिवार के अनुसार, महक हाल ही में गर्भवती हुई थी और घर में नए मेहमान के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। मां-पिता और भाई ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का दावा
जांच अधिकारियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद मामले को लूट का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और आगे की जांच जारी है।
यह मामला एक बार फिर रिश्तों में अविश्वास और घरेलू विवाद के गंभीर परिणामों को उजागर करता है।


More Stories
बुराड़ी में पुलिस की सतर्कता से दो शातिर चोर गिरफ्तार, देसी कट्टा और कारतूस बरामद
गुलाबी बाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो कुख्यात झपटमार गिरफ्तार, सोने की चेन और चोरी की बाइक बरामद
श्री हंस सत्संग भवन में लगा रक्तदान शिविर, दर्जनों लोगों ने किया महादान
भारत की जीत पर शोएब अख्तर का विवादित रिएक्शन, फैंस हुए नाराज
हाईकोर्ट ने शराब घोटाले में 23 आरोपियों से मांगा जवाब, केजरीवाल भी शामिल
शेयर बाजार में हड़कंप, निवेशकों के 12 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति डूबी