हरियाणा/सिमरन मोरया/- हरियाणा के जींद में इनेलो महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक सुनैना चौटाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जननायक जनता पार्टी (जजपा), भाजपा और कांग्रेस पर तीखे हमले किए। इनेलो और जजपा के संभावित एकीकरण पर उन्होंने कहा कि जब तक चौधरी ओम प्रकाश चौटाला जीवित थे, अगर उनके पोते (जजपा नेता) उनके पास लौट आते तो इसमें कोई बुराई नहीं थी, लेकिन जजपा नेताओं ने अहंकार दिखाते हुए कहा कि चौधरी ओम प्रकाश चौटाला को ही जजपा में शामिल होना चाहिए। सुनैना ने जजपा पर झूठी राजनीति करने और अहंकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
जजपा और गोपाल कांडा पर निशाना
सुनैना चौटाला ने कहा कि जो लोग इनेलो के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, उन्हें हरियाणा की जनता ने जवाब दे दिया। जजपा, जिसे 2019 में 10 विधानसभा सीटें मिली थीं, 2024 के चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाई। उन्होंने गोपाल कांडा पर “सस्ती राजनीति” करने का आरोप लगाया और सवाल किया कि अगर उनमें रानियां सीट जिताने की क्षमता थी, तो सिरसा से अपनी सीट क्यों हार गए? उन्होंने बताया कि इनेलो ने सिरसा से नामांकन भी नहीं भरा था, फिर भी कांडा के भाई गोविंद कांडा रानियां से हार गए।
भाजपा और कांग्रेस पर ‘फ्रेंडली मैच’ का आरोप
सुनैना चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस पर “फ्रेंडली मैच” खेलने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि हरियाणा में भाजपा की सत्ता बनाए रखने में कांग्रेस की भूमिका रही है। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर विधानसभा में केवल “शायरी और ड्रामा” करने का आरोप लगाया और दावा किया कि कांग्रेस कभी अपना नेता प्रतिपक्ष नहीं चुनेगी।
SYL मुद्दे पर इनेलो का दावा
सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर के मुद्दे पर सुनैना चौटाला ने कहा कि केवल इनेलो ने इस मामले में मजबूत रुख अपनाया और सड़कों पर संघर्ष किया। उन्होंने दावा किया कि अगर कोई हरियाणा में SYL का पानी ला सकता है, तो वह सिर्फ इनेलो ही है।


More Stories
सुल्तानपुर में पुलिस अधीक्षक की अहम बैठक
नैनीताल बार एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों ने ली शपथ
बीएचयू मिर्जापुर में राष्ट्रीय स्तर सॉफ्टबॉल कार्यशाला का भव्य आगाज
द्वारका में ऑटो चोरी गिरोह का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों का बड़ा खुलासा
तपोवन के होटल से विदेशी महिला की गिरकर मौत, जांच जारी