उत्तराखंड/रुद्रप्रयाग/अनीशा चौहान/- रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरसीर के डांडा चमसारी गांव से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। शुक्रवार सायंकाल लगभग 5:00 बजे गांव की 59 वर्षीय महिला श्रीमती रूपा देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया, जब वह अपने खेत में गुड़ाई कर रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रूपा देवी अकेली खेत में कार्यरत थीं तभी झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर झपट्टा मारा और उन्हें घसीट कर खेत के समीप जंगल की ओर ले गया। ग्रामीणों द्वारा काफी खोजबीन के बाद उनका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।
इस घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, गुलदार पहले भी इस क्षेत्र में कई बार दिखाई दे चुका है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि गुलदार को पकड़ने की तत्काल कार्यवाही की जाए और पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा एवं सहायता प्रदान की जाए। साथ ही गांव में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की भी आवश्यकता बताई जा रही है।
यह दुखद घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों से उत्पन्न खतरे की गंभीरता को उजागर करती है, जहाँ इंसानों और वन्य जीवों के बीच संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है।


More Stories
HOLI 2026: रंगों के साथ करें ये धार्मिक उपाय, घर आएंगी खुशियां
12 घंटे में बड़ी कामयाबी: द्वारका साउथ थाना पुलिस ने तीन चोर दबोचे
द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने तीन शातिर चोर दबोचे
गुमशुदगी से हत्या तक: द्वारका पुलिस ने सुलझाई सनसनीखेज वारदात
पश्चिम एशिया संकट की गूंज से दलाल स्ट्रीट में हड़कंप
पश्चिम एशिया में बढ़ा टकराव: भारत ने कनाडा से की चर्चा