नई दिल्ली/अनीशा चौहान/- बिहार के गया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को करीब 13,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शहरी विकास और जल आपूर्ति जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं। इस अवसर पर पीएम मोदी ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “गया की धरती अध्यात्म और शांति की भूमि है, यही वह पावन स्थान है जहां भगवान बुद्ध को बोध प्राप्त हुआ था।”
लालटेन राज पर पीएम मोदी का हमला
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने आरजेडी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालटेन राज के दौर में बिहार की हालत बहुत खराब थी। माओवादी आतंक के कारण शाम ढलते ही लोग घर से बाहर निकलने से डरते थे। हजारों गांव ऐसे थे जहां बिजली का खंभा तक नहीं पहुंचा था। मोदी ने कहा कि “लालटेन राज ने बिहार की पीढ़ियों को मजबूर कर दिया कि वे अपनी मिट्टी छोड़कर बाहर पलायन करें।”
गरीबों के सुख-दुख की चिंता नहीं : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आरजेडी और उसके सहयोगियों पर गरीबों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों के लिए बिहार की जनता सिर्फ वोट बैंक है। गरीबों के सुख-दुख और उनके सम्मान से इन्हें कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि “एक मुख्यमंत्री ने तो यहां तक कह दिया था कि बिहार के लोगों को वे अपने राज्य में घुसने नहीं देंगे।” मोदी ने कहा कि आज बिहार की एनडीए सरकार इसी घृणित सोच का जवाब दे रही है।
आतंकवाद पर कड़ा संदेश
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की रक्षा नीति की नई लकीर खींच दी है। अब भारत में आतंकवादी भेजकर हमला करना किसी के लिए आसान नहीं होगा। चाहे आतंकवादी पाताल में छिप जाएं, भारत की मिसाइलें उन्हें दफन कर देंगी।”
बिहार की धरती का संकल्प कभी व्यर्थ नहीं जाता
मोदी ने बिहार की ऐतिहासिक विरासत को याद करते हुए कहा कि यह चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य की धरती है। उन्होंने कहा कि इस भूमि पर लिया गया संकल्प कभी अधूरा नहीं रहता। उन्होंने कहा, “जब पहलगाम में आतंकियों ने निर्दोष नागरिकों की धर्म पूछकर हत्या की थी, तब मैंने बिहार की धरती से आतंकियों को मिट्टी में मिलाने का संकल्प लिया था। आज दुनिया देख रही है कि वह संकल्प पूरा हुआ है।”


More Stories
LDF-UDF पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, बदलाव का दिया संदेश
केरल चुनाव में सियासी बयानबाज़ी तेज: शशि थरूर का भाजपा पर हमला
बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप: अलग-अलग राज्यों में धावकों ने किया शानदार प्रदर्शन
चलती बस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए
गांव में सनसनी: युवक की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
Delhi: तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी