हरियाणा/उमा सक्सेना/- हरियाणा के भिवानी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने घोषणा की कि 13 मार्च को हांसी में “सर्व हरियाणा जनचेतना दिवस रैली” आयोजित की जाएगी, जिसमें देश की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस रैली में अखिलेश यादव, हनुमान बैनिवालऔर धर्मेंद्र यादव जैसे राष्ट्रीय स्तर के नेता भाग लेने वाले हैं। इसके अलावा समाजसेवी संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। चौटाला ने कहा कि यह रैली हरियाणा की राजनीति में बदलाव का संकेत देगी और युवाओं को आगे बढ़ाने का मंच बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अजय सिंह चौटाला के समर्थक बड़ी संख्या में हांसी पहुंचेंगे, जिससे कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप ले सकता है।
प्रेस वार्ता के दौरान चौटाला ने राज्यसभा चुनाव और प्रदेश की राजनीति को लेकर भी कई आरोप लगाए। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और भाजपा के बीच कथित राजनीतिक समीकरणों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में बड़े राजनीतिक समीकरण देखने को मिल सकते हैं। चौटाला का कहना था कि राज्यसभा चुनाव में किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त नहीं होनी चाहिए और यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने कर्मबीर बौद्ध को योग्य उम्मीदवार बताते हुए कहा कि उन्हें हराने के लिए राजनीतिक रणनीतियां बनाई जा रही हैं। वहीं इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) को लेकर भी उन्होंने कहा कि इस चुनाव के दौरान उनकी भूमिका स्पष्ट हो जाएगी।

किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए चौटाला ने कहा कि यदि मंडियों में किसानों की फसल खरीद को लेकर किसी भी प्रकार की परेशानी सामने आती है तो वह युवाओं के साथ स्वयं मंडियों का दौरा करेंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले संगठनों और संस्थाओं को भी रैली में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सतलोक आश्रम के प्रतिनिधियों को भी उनके सामाजिक कार्यों के लिए आमंत्रित किया गया है। चौटाला ने विश्वास जताया कि 13 मार्च की हांसी रैली हरियाणा की राजनीति में नई दिशा देने वाली साबित होगी और इसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे।


More Stories
LDF-UDF पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, बदलाव का दिया संदेश
केरल चुनाव में सियासी बयानबाज़ी तेज: शशि थरूर का भाजपा पर हमला
बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप: अलग-अलग राज्यों में धावकों ने किया शानदार प्रदर्शन
चलती बस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए
गांव में सनसनी: युवक की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
Delhi: तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी