नई दिल्ली/अनीशा चौहान/- हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत हासिल किया है, जिससे पार्टी के हौसले बुलंद हैं। अब भाजपा ने सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है, और नायब सिंह सैनी 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नायब सैनी लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह पंचकुला के परेड मैदान में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेता और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय नायब सैनी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इस बारे में जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दी, जिन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण के लिए 17 अक्टूबर की तारीख तय की गई है।
नायब सैनी ने की पीएम मोदी से मुलाकात
शपथ ग्रहण से पहले, नायब सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार बनाने को लेकर अहम चर्चाएं कीं। पंचकुला के उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, और इसके लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया जा चुका है।
आठ अक्टूबर को आए थे नतीजे
हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए गए थे। चुनाव से पहले किए गए कई एग्जिट पोल में कांग्रेस की सरकार बनने के संकेत मिल रहे थे, लेकिन नतीजे इसके विपरीत आए। भाजपा ने अप्रत्याशित रूप से 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने 38 सीटें जीतीं। भाजपा अब हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने वाली पहली पार्टी बन गई है।


More Stories
द्वारका पुलिस की बड़ी सफलता: कोर्ट से फरार घोषित अपराधी गिरफ्तार
द्वारका में बाइक लूट गैंग का भंडाफोड़, 7 किशोर दबोचे
दिल्ली में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी पर बड़ा प्रहार, 65 सिलेंडर बरामद
दिल्ली में बीएसजी हाफ मैराथन का शानदार आयोजन
नजफगढ़ में टिंटेड ग्लास के खिलाफ चला विशेष अभियान
महाराष्ट्र में सियासी तूफान: वायरल तस्वीरों के बाद महिला आयोग अध्यक्ष ने छोड़ा पद