नजफगढ़ मैट्रो न्यूज/लखनऊ/मानसी शर्मा/- सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का लखनऊ के पिपराघाट पर रविवार दोपहर को अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटे प्रतीक यादव ने उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इस मौके पर मुलायम सिंह के अलावा, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित बड़ी संख्या में सपा नेता-कार्यकर्ता व परिजन मौजूद रहे।
साधना गुप्ता का शनिवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को लखनऊ लाया गया। जिसे मुलायम के सरकारी आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उनके अंतिम दर्शन किए। शनिवार शाम से ही मुलायम के आवास पर सपा कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों का जमावड़ा शुरू हो गया। लोगों ने मुलायम परिवार के लोगों को सांत्वना दी।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी रविवार को उनके अंतिम दर्शन किए। भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी भी साधना गुप्ता को अंतिम विदाई देने के लिए मुलायम के आवास पर पहुंचीं।
इसके पहले शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व उनके परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की धर्मपत्नी साधना गुप्ता के निधन की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को शांति व परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता के निधन का दुखद समाचार मिला। प्रभु पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में जगह दे और मुलायम सिंह यादव व उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति दे।


More Stories
चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा, क्या पुलिस के शिकंजे में गैंग ?
आज़ादी पर्व 2026 और ‘सेवा तीर्थ’ ग्रंथ की तैयारियों का ऐलान
जम्मू इंटरनेशनल मैराथन में दिखा जबरदस्त जोश
LDF-UDF पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, बदलाव का दिया संदेश
केरल चुनाव में सियासी बयानबाज़ी तेज: शशि थरूर का भाजपा पर हमला
बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप: अलग-अलग राज्यों में धावकों ने किया शानदार प्रदर्शन