नई दिल्ली/नजफगढ़/उमा सक्सेना/- नजफगढ़ क्षेत्र की गौशाला नंबर–1 में रविवार को एक महत्वपूर्ण पंचायत आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय गणमान्य नागरिकों, दानदाताओं और गौसेवकों की मौजूदगी में गौशाला की नई प्रबंधक समिति का गठन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग एकत्रित हुए और शांतिपूर्ण माहौल में विचार-विमर्श करते हुए गौशाला के भविष्य और प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई। पंचायत के दौरान सर्वसम्मति से रामचंद्र पहलवान (मटियाला) को गौशाला प्रबंधक समिति का प्रधान चुना गया, जबकि चरण सिंह यादव (पंडवाला) को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
रामचंद्र पहलवान ने गौ माता के संरक्षण और समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और मानवता से जुड़ा हुआ कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा से समाज में दया, करुणा और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी मिलकर गौशाला के विकास, गौ माता की देखभाल और समाज की भलाई के लिए आगे आएं। रामचंद्र पहलवान ने यह भी कहा कि जब समाज एकजुट होकर सेवा और सद्भाव के रास्ते पर चलता है, तब विकास और प्रगति अपने आप सुनिश्चित हो जाती है।

पहले टल गया था चुनाव, दोबारा पंचायत में बनी सहमति
जानकारी के अनुसार गौशाला प्रबंधक समिति का चुनाव पहले 15 फरवरी 2026 को प्रस्तावित किया गया था, लेकिन उस दिन पंचायत में अंतिम निर्णय नहीं हो सका था। उस समय प्रधान पद के लिए सतीश शौकीन और पूर्व प्रधान लायक राम के नाम सामने आए थे। हालांकि पंचायत में केवल एक नाम की घोषणा होने पर कई सदस्यों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद सभी पक्षों की सहमति से यह तय किया गया कि दोबारा पंचायत बुलाकर पारदर्शी तरीके से नई समिति का गठन किया जाएगा। इसी प्रक्रिया के तहत 8 मार्च को पुनः पंचायत आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

कोषाध्यक्ष पद पर भी बनी सहमति
पंचायत में प्रधान पद के लिए ओम प्रकाश का नाम भी सामने आया था। वहीं कोषाध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चा हुई और अंततः सर्वसम्मति से सुखचैन (दिचाऊं कला) को कोषाध्यक्ष चुना गया। पंचायत के दौरान कुछ नामों को अस्वीकार करते हुए यह निर्णय लिया गया कि समिति का गठन केवल गौशाला और गौसेवा के हित को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
गणमान्य लोगों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण संपन्न हुई पंचायत
पंचायत की पूरी प्रक्रिया सुरेंद्र सोलंकी (360 खाप के प्रधान) और पंचायत की अध्यक्षता कर रहे ओम प्रकाश सहरावत की देखरेख में शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी हुई। इस अवसर पर क्षेत्र के कई प्रमुख सामाजिक और शैक्षणिक व्यक्तित्व मौजूद रहे। पंचायत में मंजीत सिंह, रमेश मटियाला, राजेंद्र डागर, जगबीर शौकीन, सतपाल सोलंकी, धर्मपाल प्रधान सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए और गौशाला के बेहतर संचालन के लिए सुझाव भी दिए।

गौसेवा और विकास को प्राथमिकता देने की अपील
पंचायत में मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि नई प्रबंधक समिति गौशाला के सुचारू संचालन, गौसेवा के विस्तार और क्षेत्रीय सहयोग से गौशाला के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी। साथ ही यह भी कहा गया कि गौशालाओं से जुड़े कार्यों में राजनीति से दूर रहकर केवल सेवा और सामाजिक हित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पंचायत के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से लिए गए फैसले का स्वागत किया और नई समिति को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।


More Stories
पालम विधानसभा में सीवर जाम और गंदगी से लोग परेशान, भड़के रणबीर सिंह सोलंकी
एसजीटी यूनिवर्सिटी में रामानुजन की विरासत पर अंतरराष्ट्रीय मंथन
द्वारका जिला स्पेशल स्टाफ की टीम ने अंतरराज्यीय शराब सप्लायर को दबोचा
गृह मंत्री के नाम पर ठगी! अमित शाह का सचिव बनकर लोगों को ठगता था आरोपी
180 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने सुल्तानपुरी के हिस्ट्रीशीटर को दबोचा
उत्तम नगर मर्डर केस: आरोपी के घर पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ढहाया