
नजफगढ़ मेट्रो न्यूज/द्वारका/शिवकुमार यादव। द्वारका जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 53 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन के साथ एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद हेरोइन की कीमत करीब 12 लाख रुपये है। आरोपी की पहचान ननामिदी एलियास (36) के रूप में हुई है। वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में शामिल रहा है और हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस का आरोप है कि जमानत मिलने के बाद उसने दोबारा हेरोइन की आपूर्ति शुरू कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश और एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की निगरानी में एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम नशा तस्करी में संलिप्त लोगों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान हाल ही में एनडीपीएस मामलों में जमानत पर रिहा हुए विदेशी नागरिकों की गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी।
किराये के मकान से हेरोइन सप्लाई करने की सूचना
23 अक्टूबर को एंटी-नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली कि ननामिदी एलियास मोहन गार्डन स्थित संजीवनी पब्लिक स्कूल के पास अपने किराये के मकान से हेरोइन की आपूर्ति करने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 53 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इस संबंध में मोहन गार्डन थाने में 23 अक्टूबर 2026 को एफआईआर नंबर 275/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज किया गया है।
पहले भी एनडीपीएस मामले में रहा है शामिल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नाइजीरिया के लागोस राज्य का रहने वाला है। वह पहले एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार हुआ था और एफआईआर नंबर 647/2021, थाना मोहन गार्डन में दर्ज मामले में हाल ही में जमानत पर रिहा हुआ था। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी भारत में वैध वीजा और पासपोर्ट के बिना रह रहा था।
नशे के सप्लायर की तलाश जारी
पुलिस अब बरामद हेरोइन के स्रोत का पता लगाने और इसके सप्लायर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर सतीश कुमार के नेतृत्व में गठित एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम ने की। मामले में आगे की जांच जारी है।





More Stories
जेसीबी मशीन हेतु लोन दिलाने के नाम पर वादिनी के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले हल्द्वानी निवासी अभियुक्त को किया गिरफ्तार
नाबालिक से रेप मामले में ABVP अध्यक्ष पद प्रत्याशी रहे धीरज बिष्ट समेत ४ गिरफ्तार
डाबड़ी पुलिस ने दो मोबाइल चोरों को दबोचा, iPhone 16 Plus और Samsung A55 बरामद
द्वारका पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, चोरी की यामाहा R15 बाइक बरामद
नॉर्थ जिला पुलिस का बड़ा एक्शन: स्नैचिंग और चोरी के 5 मामले सुलझे, पांच आरोपी गिरफ्तार
दहेज उत्पीड़न मामले में फरार घोषित आरोपी गिरफ्तार, द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई