कैथल/हरियाणा/उमा सक्सेना/- हरियाणा के कैथल जिले से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पूंडरी क्षेत्र के गांव डुलयानी में 31 वर्षीय विवाहिता की ससुराल पक्ष द्वारा कथित मारपीट के बाद मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति समेत सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लगातार होता रहा दहेज को लेकर दबाव
मृतका की पहचान ज्योति के रूप में हुई है। उसके पिता वेद प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लगभग दस वर्ष पहले उन्होंने बेटी की शादी सुरजीत नामक युवक से की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगा। कई बार सामाजिक स्तर पर समझौते और पंचायतें भी हुईं, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि ज्योति से बार-बार मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया जाता था और मना करने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
मारपीट के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
परिवार के मुताबिक 2 फरवरी को सूचना मिली कि ज्योति के साथ ससुराल में गंभीर मारपीट हुई है। जब परिजन पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में मिली। उसे तुरंत कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
दो मासूम बच्चों की मां थी ज्योति
बताया गया है कि ज्योति अपने पीछे दो छोटे बच्चों—एक बेटा और एक बेटी—को छोड़ गई है। बच्चों के भविष्य को लेकर परिजन चिंतित हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और डॉक्टरों की टीम द्वारा विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
प्रदूषण के विरुद्ध युद्ध में आज दिल्ली ने एक और मज़बूत कदम आगे बढ़ाया! 6 नए CAAQMS स्टेशनों का उद्घाटन
दिल्ली के विकासपुरी में हुआ दर्दनाक हादसा, बस में जलकर कंडक्टर ने तोड़ा दम
शुक्र बदलेगा नक्षत्र, वेलेंटाइन वीक में 4 राशियों की चमकेगी किस्मत
तरनतारन कॉलेज में दहशत, छात्रा की हत्या से मचा हड़कंप
संत कबीर के संदेश से जुड़े वैश्विक सद्भाव के सूत्र, देवास में आरजेएस पॉजिटिव ब्रांच गठन की पहल तेज
मेधा सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान, एसजीटीयू ने बांटी लाखों की छात्रवृत्ति